नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सऐप ने कई नई सेवाएं शुक्रवार को पेश कीं। इनके तहत एप्पल आईफोन उपयोगकर्ता अब एक ही फोन पर दो खाते एक साथ चला सकेंगे। इसके अलावा तस्वीर संपादन और संदेश लिखने के लिए नए कृत्रिम मेधा (एआई) उपकरण भी जोड़े गए हैं।
कंपनी ने कहा कि ‘टू अकाउंट्स, वन फोन’ सेवा जो पहले केवल एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध थी अब आईओएस पर भी शुरू की जा रही है।
व्हाट्सऐप ने अपने ‘ब्लॉग पोस्ट’ में कहा कि इस ‘अपडेट’ के बाद उपयोगकर्ताओं को व्यक्तिगत एवं कामकाजी बातचीत के लिए दो अलग-अलग फोन रखने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। ऐप के नीचे वाले ‘टैब’ में दिखाई देने वाली ‘प्रोफाइल’ तस्वीर के जरिये उपयोगकर्ता सक्रिय खाते की पहचान कर सकेंगे।
जनरेटिव यानी सृजन से जुड़े एआई के बढ़ते उपयोग के बीच व्हाट्सऐप ने मेटा एआई को सीधे ‘चैट’ में एकीकृत किया है। उपयोगकर्ता अब किसी तस्वीर को भेजने से पहले तस्वीर में सुधार कर सकते हैं, अनचाहे तत्व हटा सकते हैं, पृष्ठभूमि बदल सकते हैं या अलग-अलग शैली लागू कर सकते हैं।
एआई उपकरण से जुड़ी संभावित सुरक्षा चिंताओं पर कंपनी ने जोर देते हुए कहा कि उपयोगकर्ताओं की चैट ‘‘पूरी तरह निजी’’ रहेंगी।
कंपनी ने यह भी कहा कि मेटा एआई सेवाएं सभी उपयोगकर्ताओं को तुरंत उपलब्ध नहीं हो पाएंगी। इसके साथ ‘क्रॉस-प्लेटफॉर्म चैट ट्रांसफर’ भी आसान बना दिया गया है। अब मंच आधिकारिक तौर पर आईओएस से एंड्रॉयड डिवाइस पर चैट हिस्ट्री (तस्वीर व वीडियो सहित) स्थानांतरित करने का समर्थन करता है।
नई सेवाओं में ‘प्रेडिक्टिव स्टिकर’ के सुझाव भी शामिल हैं, जिसके तहत टाइप करते समय किसी इमोजी के स्थान पर सुझाया गया स्टिकर इस्तेमाल किया जा सकेगा।
व्हाट्सऐप ने कहा कि ये नई सेवाएं चरणबद्ध तरीके से जारी किए जा रहे हैं और जल्द ही सभी उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध होंगे।