उत्तर प्रदेश में पिछले नौ सालों में तीन गुना बढ़ी महिला श्रमशक्ति: मुख्यमंत्री

0
sd32ww33

गोरखपुर (उप्र), 25 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दावा किया कि उनके नौ साल के कार्यकाल में सरकारी तथा गैर सरकारी क्षेत्रों में महिला श्रम शक्ति में तीन गुना इजाफा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व कोष से 144 छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण के वास्ते भूमि पूजन तथा शिलान्यास एवं साइबर फॉरेंसिक अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने इस अवसर पर तीन शिक्षकों तथा दो छात्रों को उत्कृष्ट शोध के लिए सम्मानित भी किया।

योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि वर्ष 2017 में उनकी सरकार बनने से पहले प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा एक चुनौती थी, लेकिन वर्तमान में प्रदेश की बेटियां शहरों में पढ़ाई करने या काम करने के लिए जाती हैं तो उन्हें भय मुक्त वातावरण मिलता है।

उन्होंने पिछले नौ वर्षों के दौरान महिला श्रम शक्ति में तीन गुना वृद्धि होने का दावा करते हुए कहा, ‘‘विगत नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश के सरकारी तथा गैर-सरकारी क्षेत्रों में महिला श्रम शक्ति 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत हो चुकी है।’’

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘जब समाज, महिला-पुरूष के बीच भेदभाव तथा अभिभावक, बेटा-बेटी के बीच भेदभाव करना बन्द कर दें, तब देश के विकास की रफ्तार कई गुनी बढ़ जाएगी। हमें समाज में प्रत्येक स्तर पर भेदभाव को समाप्त करना है। इसके लिए सभी प्रकार की सुविधाएं भी देनी पड़ेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *