दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धि का उत्सव नहीं, जीवन में नई शुरुआत का प्रतीक: बागडे

0
haribhau-bagde-umedvari-news-4565456_201909304440

जयपुर, 25 मार्च (भाषा) राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धि का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन में नयी शुरुआत का प्रतीक है।

राज्यपाल बुधवार को हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।

राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में आयोजित दीक्षांत समारोह में उन्होंने गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा पूर्ण होने के बाद शिष्यों को सत्य, धर्म और विनम्रता का पालन करने की सीख दी जाती थी।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बागडे ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे प्राप्त ज्ञान का अहंकार न करते हुए समाज के कल्याण के लिए उसका उपयोग करें।

दीक्षांत समारोह में वर्ष 2024 एवं 2025 में अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कुल 271 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।

इनमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर के 269 विद्यार्थी तथा 2 शोधार्थी शामिल हैं, जिन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।

शैक्षणिक उत्कृष्टता के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 12 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया, जबकि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 35 विद्यार्थियों को वरीयता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि विश्वास अर्जित करने का भी क्षण है।

उन्होंने कहा कि यह जीवन का वह मोड़ है जहां से नई दिशा और जिम्मेदारी शुरू होती है।

उन्होंने 1975 में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाया गया, लेकिन सशक्त पत्रकारिता ने सत्य की रक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *