आरसीबी के तेज गेंदबाज यश दयाल आईपीएल 2026 में नहीं खेलेंगे लेकिन अनुबंध बरकरार: मो बोबाट

0
yash-dayal-ruled-out-ipl-2026-1774343207928

बेंगलुरु, 24 मार्च (भाषा)विवादों में घिरे तेज गेंदबाज यश दयाल आगामी आईपीएल सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम से नहीं जुड़ेंगे, लेकिन फ्रेंचाइजी के साथ उनका अनुबंध जारी रहेगा। यह जानकारी टीम के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने मंगलवार को दी।

इस 28 वर्षीय खिलाड़ी पर कथित यौन शोषण के दो मामले दर्ज हैं। इसमें एक मामला नाबालिग से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरसीबी के लिए 2025 आईपीएल फाइनल में खेलने के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। आरसीबी ने उस फाइनल में जीत दर्ज कर पहली बार खिताब अपने नाम किया था।

सत्र की शुरुआत से पहले आयोजित प्रेस वार्ता में बोबाट ने कहा, “मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि यश टीम के साथ नहीं जुड़ेंगे। वे इस समय व्यक्तिगत परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। हमने अब तक उनका पूरा समर्थन किया है और यह खिलाड़ियों को रिटेन या रिलीज करने के फैसले में भी दिखता है।”

उन्होंने कहा, “हम उन्हें टीम में बनाए रखना चाहते थे और वे अनुबंध के तहत बने हुए हैं। निकट भविष्य में भी उनका अनुबंध जारी रहेगा।”

हाल ही में विवाह करने वाले दयाल पर एक नाबालिग सहित दो महिलाओं द्वारा यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं। बोबाट ने बताया कि फ्रेंचाइजी ने उनके साथ संवाद बनाए रखा है।

उन्होंने कहा, “हम नियमित रूप से उनसे संपर्क में हैं। आज भी मेरी उनसे बात हुई। लेकिन फिलहाल यह तय किया गया है कि उनके और फ्रेंचाइजी, दोनों के हित में यही है कि वे टीम से न जुड़ें।”

बोबाट ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले पर फिलहाल और कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। दयाल को हालांकि फ्रेंचाइज़ी का समर्थन जारी रहेगा और उनसे संवाद बना रहेगा।

बोबाट ने टीम संयोजन पर कहा कि आरसीबी के पास दयाल की कमी पूरी करने के लिए पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं। उन्होंने रासिख सलाम, अभिनंदन सिंह और मंगेश यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि ये तीनों अच्छे विकल्प हैं और तैयारी शिविर में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।

इसके बावजूद बोबाट ने माना कि दयाल की गैरमौजूदगी टीम के लिए झटका है।

उन्होंने कहा, “यश जैसे खिलाड़ी का बाहर होना निश्चित रूप से नुकसान है। वह पिछले कुछ वर्षों से टीम के अहम सदस्य रहे हैं, लेकिन हमें अपने मौजूदा विकल्पों पर पूरा भरोसा है।”

बोबाट ने यह भी उम्मीद जताई कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड चोट से उबरने के बाद जल्द ही टीम से जुड़ पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *