नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को कहा कि पालम अग्निकांड के संबंध में अग्निशमन विभाग की प्रारंभिक रिपोर्ट में इमारत के तलघर में “अत्यधिक ज्वलनशील” सामग्री रखे होने का उल्लेख है।
सूद ने आम आदमी पार्टी (आप) पर इस मामले में ‘‘आरोप-प्रत्यारोप’’ व ‘‘ओछी राजनीति’’ करने का आरोप लगाया तथा अग्निशमन सेवा को आधुनिक बनाने में विफल रहने के लिए पू्र्ववर्ती सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
इस विषय पर आप की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
गृह मंत्री ने सदन में कहा, “पालम घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट में उल्लेख है कि भूतल से छत तक जाने के लिए केवल एक ही सीढ़ी थी और इमारत के बाहर से सीढ़ी तक पहुंच संभव नहीं थी।”
उन्होंने बताया कि इमारत के तलघर में कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन, थिनर, इत्र और नेल पॉलिश जैसी अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थीं।
सूद ने कहा, “इन सबके बावजूद हमारी सरकार ने आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति नहीं की। मैं (इस घटना पर) दुख प्रकट करता हूं और इस कठिन समय में पूरी सरकार व मैं पीड़ित परिवार के साथ खड़ा हूं। मुख्यमंत्री ने दो घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट जांच की घोषणा की और अनुग्रह राशि का भी ऐलान किया।”
अपने वक्तव्य में उन्होंने जनवरी 2018 में बवाना औद्योगिक क्षेत्र में लगी आग, फरवरी 2019 में अर्पित होटल में लगी आग और 2019 में अनाज मंडी में लगी आग की घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार का रवैया “जिम्मेदारी से भागने” वाला था।
सूद ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद से कई पहल प्रस्तावित हैं, जिनमें वायरलेस प्रणाली का उन्नयन, 50 त्वरित प्रतिक्रिया वाहनों की तैनाती और अग्निशमन कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए नया ‘कमांड एवं कंट्रोल सेंटर’ स्थापित करना शामिल है।
पिछले सप्ताह पालम क्षेत्र में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई थी, जिनमें 70 वर्षीय महिला और उनकी तीन पोतियां शामिल थीं। घटना के बाद से आम आदमी पार्टी भाजपा सरकार पर अग्निशमन तंत्र में चूक का आरोप लगाती रही है।