हिमंत ने आचार्य को असम का नया राज्यपाल नियुक्त करने का स्वागत किया

गुवाहाटी, 28 जुलाई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने का रविवार को स्वागत किया। उन्होंने कहा कि असम को आचार्य के संगठनात्मक और विधायी अनुभवों से लाभ मिलेगा।

शर्मा ने निवर्तमान राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को यहां अपने कार्यकाल के दौरान उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ का राज्यपाल बनाए जाने पर असम के पूर्व सांसद रमेन डेका को भी बधाई दी।

राष्ट्रपति भवन ने घोषणा की है कि आचार्य को असम का राज्यपाल बनाया गया है और उन्हें मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है, जबकि कटारिया को बनवारीलाल पुरोहित की जगह पंजाब का राज्यपाल बनाया गया है। कटारिया को केंद्र-शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक भी नियुक्त किया गया है।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘माननीय लक्ष्मण आचार्य जी ने अपना जीवन गरीबों को सशक्त बनाने में समर्पित कर दिया है। सिक्किम के राज्यपाल के रूप में उनके पास शानदार कार्यकाल के साथ समृद्ध संगठनात्मक और विधायी अनुभव है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि वह हमारे राज्य के लिए एक उत्कृष्ट राज्यपाल होंगे। उनके नये कार्यभार के लिए मेरी शुभकामनाएं।’’

कटारिया के योगदान को याद करते हुए शर्मा ने कहा कि राज्य और उनकी सरकार को निवर्तमान राज्यपाल के परामर्श और मार्गदर्शन से लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने राज्य की अत्यंत समर्पण भावना से सेवा की है। हम पंजाब के राज्यपाल के रूप में उनकी सफलता की कामना करते हैं।’’

शर्मा ने ‘एक्स’ पर डेका को उनकी नयी भूमिका के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘असम के राज्य नवाचार और परिवर्तन आयोग (एसआईटीए) के उपाध्यक्ष और पार्टी की प्रदेश इकाई में मेरे सहयोगी रमन डेका को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किए जाने पर बहुत-बहुत बधाई। उनके पास सार्वजनिक सेवा का विविध अनुभव है।’’

राज्यपालों की ये नियुक्तियां उस तिथि से प्रभावी होंगी, जिस दिन वे कार्यभार संभालेंगे।