मिलन लूथरिया व्दारा निर्देशित फिल्म ‘तड़प’ (2021) में अन्ना सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी ने खूबसूरत एक्ट्रेस तारा सुतारिया के साथ स्क्रीन शेयर किया था लेकिन उनकी यह डेब्यू फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एकदम फीकी साबित हुई थी। पहली फिल्म की नाकामी के बाद अहान इस इंडस्ट्री से लगभग गायब ही हो गए थे।
लेकिन 5 साल बाद हालिया रिलीज फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के नेवी ऑफिसर एम.एस रावत वाले किरदार में अहान शेट्टी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। खासकर लोगों को फिल्म में उनका अंदाज खूब पसंद आया। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल ही मचा दिया।
फिल्म में अहान की एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई। यदि कहा जाए कि इस फिल्म ने अहान की किस्मत पूरी तरह बदल दी है, तो कुछ गलत नहीं होगा।
अहान ‘बॉर्डर 2’ की सक्सेस के बाद साजिद नाडियावाला की फिल्म ‘सनकी’ में साउथ की मशहूर अभिनेत्री पूजा हेगड़े के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
साजिद नाडियावाला की यह फिल्म तेलुगु भाषा की सुपरहिट फिल्म ’आर एक्स 100’ का रीमेक होगी। साजिद नाडियाडवाला इस फिल्म को बाकायदा रीमेक राइट खरीदकर बना रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि अहान के पिता सुनील शेट्टी ने साजिद नाडियाडवाला की फिल्म के साथ अपना कैरियर शुरू किया था और उनके व्दारा निर्मित और भरत रंगाचारी के निर्देशित फिल्म ’वक्त हमारा है’ (1993) के जरिए वे रातों रात सुपर स्टार बन गए थे।
इस वक्त अहान, डायरेक्टर शाद अली की गहराई और इमोशन भरपूर इंटेंस रोमांटिक ड्रामा फिल्म कर रहे हैं।