भारत की अंडर-20 महिला टीम में काफी सुधार हुआ है: कोच एलेक्जेंडर्सन

0
Joakim-Alexandersson-800x500

नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) मुख्य कोच जोआकिम एलेक्जेंडर्सन ने कहा कि एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करने के बाद से भारतीय अंडर-20 महिला टीम ने काफी सुधार किया है और उन्होंने भरोसा जताया कि थाइलैंड में होने वाले टूर्नामेंट में उनकी टीम एशिया की मजबूत टीमों के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगी।

भारतीय टीम टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए पहले ही बैंकॉक पहुंच चुकी है। ग्रुप सी में उसका पहला मैच दो अप्रैल को जापान के खिलाफ होगा। इसके बाद वह पांच अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया और आठ अप्रैल को चीनी ताइपे का सामना करेगी।

प्रत्येक ग्रुप से दो टीमें, साथ ही तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमें इस वर्ष के अंत में पोलैंड में होने वाले फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।

एलेक्जेंडर्सन ने कहा कि अगस्त में क्वालीफाई करने के बाद टीम ने सभी विभागों में काफी सुधार किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘काफी सुधार हुआ है। मैंने उन्हें अच्छे मूव बनाते हुए देखा है। मैंने तेज पासिंग और अंतिम छोर पर अधिक स्पष्टता देखी है। रक्षा पंक्ति में भी हमने बहुत सुधार किया है। विशेष कर गोलकीपिंग में काफी सुधार हुआ है। हमने सुधार करने के लिए जिन क्षेत्रों की पहचान की थी उन सभी में अच्छी प्रगति हुई है।’’

भारत को चुनौती पूर्ण ग्रुप में रखा गया है लेकिन कोच को विश्वास है कि उनकी टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह वाकई एक कठिन ग्रुप है। जापान इस स्तर पर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है और ऑस्ट्रेलिया भी बहुत मजबूत और शारीरिक रूप से सक्षम है। यह महत्वपूर्ण है कि हम इन विरोधियों का सम्मान करें, लेकिन उनसे डरें नहीं। हम आत्मविश्वास के साथ खेलना चाहते हैं, हम न केवल बचाव करना चाहते हैं, बल्कि गेंद पर कब्ज़ा बनाए रखना और खुलकर खेलना भी चाहते हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *