उप्र : योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेताओं ने बिहार राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई दी

0
2026_3image_17_59_465581111untitled

लखनऊ, 22 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं ने रविवार को बिहार के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए राज्य द्वारा विकास के नए प्रतिमान गढ़ने की कामना की।

बिहार को 1912 में तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग करके 22 मार्च को राज्य बनाया गया था।

योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लोक आस्था एवं सांस्कृतिक वैभव से समृद्ध क्रांति धरा बिहार राज्य के स्थापना दिवस की समस्त बिहार वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन और माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में सुशासन के सुपथ पर गतिमान बिहार समृद्धि एवं चहुंमुखी विकास के नए प्रतिमान स्थापित करे, माता जानकी एवं प्रभु श्री राम से यही प्रार्थना है।’’

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से सुसज्जित बिहार राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।’’

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा ‘‘समस्त बिहारवासियों को बिहार स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि बिहार आज प्रगति व खुशहाली के पथ पर तेजी से अग्रसर है।’’

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘समस्त बिहारवासियों को ‘बिहार दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वीरों, विद्वानों और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की इस पावन भूमि ने सदियों से ज्ञान, साहित्य और आध्यात्मिकता की अनमोल धरोहर दुनिया को दी है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *