तेलंगाना में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

0
we3ew3333

हैदराबाद, 21 मार्च (भाषा) तेलंगाना में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पारंपरिक उत्साह और अकीदत के साथ मनाया गया और इस दौरान मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा की गई।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने यहां ईदगाह मैदान में नमाज अदा की, जबकि कई अन्य नेता भी नमाज में शामिल हुए।

पुलिस ने ईद की नमाज के सुचारू संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।

चारमीनार के पास स्थित ऐतिहासिक लाड बाजार शुक्रवार रात हजारों खरीदारों और चूड़ी की दुकानों पर उमड़ी महिलाओं की भीड़ से गुलजार हो उठा।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी।

शुक्ला ने कहा कि रमजान आत्म-अनुशासन और आध्यात्मिक आत्ममंथन का समय है। उन्होंने कहा, “मैं पवित्र कुरान की शिक्षाओं और समाज पर उसके प्रभाव के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करता हूं।”

रेवंत रेड्डी ने कहा कि ईद का पर्व करुणा, उदारता और एकता के मूल्यों पर विचार करने का समय है जो लोगों को एक समाज के रूप में करीब लाता है। उन्होंने कामना की कि यह त्योहार हर घर में शांति, समृद्धि और सद्भाव लाए और सभी समुदायों के बीच भाईचारे की भावना को मजबूत करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *