वैश्विक चुनौतियों के बावजूद अप्रैल-जून में भारत का निर्यात सकारात्मक : गोयल

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद मई में भारत के निर्यात में अच्छी वृद्धि हुई है और जून तथा पहली तिमाही में यह सकारात्मक रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि सेवा क्षेत्र की वृद्धि की वजह से देश के निर्यात को सकारात्मक दायरे में रखने में मदद मिल रही है।

गोयल ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘मई में निर्यात सकारात्मक रहा है, जून का और पहली तिमाही का आंकड़ा भी सकारात्मक दायरे में है।’’

मई में भारत का वस्तुओं का निर्यात 9.1 प्रतिशत बढ़कर 38.13 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-मई के दौरान निर्यात 5.1 प्रतिशत बढ़कर 73.12 अरब डॉलर रहा है।

वाणिज्य मंत्रालय आधिकारिक रूप से जून के निर्यात के आंकड़े 15 जुलाई को जारी करेगा।

मंत्री ने कहा कि रूस-यूक्रेन और इज़राइल-हमास युद्ध, लाल सागर संकट और कंटेनर की कमी के मुद्दों के बावजूद हमारा निर्यात सकारात्मक दायरे में है। हमारे साथ एक और लाभ की स्थिति सेवा निर्यात की तेज वृद्धि है।

उन्होंने कहा कि सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन से सेवा क्षेत्र को बढ़ावा मिला है।

गोयल ने कहा, ‘‘देश में 4जी और 5जी की पेशकश से भी सेवा निर्यात में मदद मिल रही है।’’

पिछले महीने गोयल ने कहा था कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद चालू वित्त वर्ष में भारत का माल और सेवा निर्यात 800 अरब डॉलर को पार कर जाने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2023-24 में भारत का निर्यात 778.2 अरब डॉलर (वस्तुएं 437.1 अरब डॉलर और सेवाएं 341 अरब डॉलर) रहा था।

देश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के बारे में पूछे जाने पर गोयल ने कहा कि एक बार जब अंतरराष्ट्रीय मंदी की स्थिति में सुधार होने लगेगा और अमेरिका और यूरोप में ब्याज दरें कम होने लगेंगी, तो विदेशी निवेश का प्रवाह बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि कैसी भी स्थिति है, पर भारत को लगातार एफडीआई मिल रहा है।