राजग सरकार की निष्क्रियता ने बिहार को दिशाहीन बना दिया: तेजस्वी यादव

0
de32333333

पटना, 19 मार्च (भाषा) बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को चैत्र नवरात्रि के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जब-जब अहंकार, असत्य, अन्याय और अराजकता रूपी दानव बलवान होता है, तब-तब मां दुर्गा अवतरित होकर न्याय करती हैं।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव ने एक बयान में कहा कि बिहार का परिदृश्य भी अब कुछ ऐसा ही हो गया है कि दानवी सोच को समाप्त करने के लिए मातृशक्ति के न्याय की आवश्यकता महसूस हो रही है।

यादव ने कहा, “बिहार के भोले-भाले लोगों का जिस प्रकार धोखा, छल, प्रपंच, अन्याय और असत्य के माध्यम से शोषण किया जा रहा है, वह अब असहनीय हो गया है।”

उन्होंने कहा, “दानवी सोच को लगता है कि वह अमर हो रही है और अब कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता लेकिन मां दुर्गा का आशीर्वाद न केवल इस सोच का संहार करेगा बल्कि बिहार में न्याय, सत्य, धर्म, अहिंसा और समानता पर आधारित व्यवस्था स्थापित करेगा।”

राजद नेता ने आरोप लगाया कि आज बिहार की बेटियां संकट में हैं और सरेआम हिंसा की घटनाएं हो रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है और जिन लुभावने वादों का वादा किया गया था, वे कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।

यादन ने कहा कि विकास के अधिकांश मानकों पर बिहार पिछड़ा हुआ नजर आ रहा है।

उन्होंने कहा, “सरकार की निष्क्रियता ने राज्य को दिशाहीन बना दिया है। राज्य का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है और महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर असुरक्षित महसूस कर रही हैं।”

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि सिलेंडर जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी लोगों को घंटों कतार में खड़ा होना पड़ रहा है। यादव ने लोगों से आह्वान किया कि वे मां दुर्गा से प्रार्थना करें कि बिहार को इस कठिन समय से बाहर निकालकर विकास के नए मार्ग पर अग्रसर करें।

उन्होंने कहा कि मां दुर्गा दानवी सोच का संहार कर न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित करें और लोगों को सत्य, सम्मान, शिक्षा, सद्भाव व सन्मार्ग प्रदान करें।

यादव ने कहा कि लोगों को ऐसी विषम परिस्थितियों में भी बिना हिम्मत हारे बिहार के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहने की प्रेरणा, शक्ति और सामर्थ्य मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *