नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि घरेलू कोयला उत्पादन उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप है और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) सभी क्षेत्रों को शुष्क ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
देश के कुल कोयला उत्पादन में 80 प्रतिशत से अधिक की हिस्सेदारी रखने वाली कोल इंडिया ने एहतियाती कदम उठाते हुए चालू माह में 29 ई-नीलामी आयोजित करने की योजना बनाई है। इसके तहत लगभग 2.35 करोड़ टन कोयले की पेशकश की जाएगी।
कोयला मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘इन 29 नीलामियों में से 12 मार्च, 2026 से अब तक पांच नीलामी आयोजित की जा चुकी हैं। इनमें 73.1 लाख टन कोयले की पेशकश की गई थी, जिसमें से 31.96 लाख टन की बुकिंग हो चुकी है, जो ई-नीलामी में कोयले की पर्याप्त उपलब्धता को दर्शाता है।”
मंत्रालय के अनुसार, छोटे और मझोले उद्योगों को कोयला उपलब्ध कराने के लिए राज्य नामित एजेंसियों (एसएनए) के माध्यम से भी आवश्यक कार्रवाई की गई है। राज्य सरकारों से अतिरिक्त कोयले की आवश्यकता बताने का अनुरोध किया गया है ताकि ऊर्जा संकट से बचा जा सके।