इंदौर अग्निकांड की विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद उचित कदम उठाएंगे: मुख्यमंत्री यादव

0
66cc6c0d619f3-cm-26503635-16x9

इंदौर, 19 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि इंदौर के एक घर में भीषण आग लगने से आठ लोगों की मौत की विशेषज्ञों से जांच कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

इंदौर पहुंचे यादव ने अग्निकांड में दम तोड़ने वाले आठ लोगों के शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा,‘‘मैंने अग्निकांड की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों को बुधवार को ही भोपाल से मौके पर भेज दिया था। हम विशेषज्ञों से इस घटना की जांच कराएंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि घर के बाहर आग लगने से पूरा घर जल जाने की घटना बेहद दु:खद और कष्टकारी है।

यादव ने कहा,‘‘हम घटना की पूरी जांच रिपोर्ट आने का इंतजार करेंगे और इसके बाद उचित कदम उठाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।’’

शहर की ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में कारोबारी मनोज पुगलिया के घर में बुधवार तड़के आग लगने से पुगलिया, उनकी बहू सिमरन और उनके छह अन्य करीबी रिश्तेदारों की मौत हो गई थी।

मृतकों में दो बच्चे भी शामिल थे।

पुलिस का दावा है कि पुगलिया के घर बिजली से चार्ज हो रही कार के चार्जिंग पॉइंट में धमाके के बाद पहले इस चार पहिया वाहन में लगी और फिर लपटों ने पूरे घर को अपनी जद में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *