असम चुनाव के लिए भाजपा और सहयोगियों के बीच सीट समझौते की घोषणा आज हो सकती : शर्मा

0
0b601e30-6847-11ef-a782-798e2133d9cc.jpg

गुवाहाटी, 18 मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य में भाजपा नीत गठबंधन में शामिल असम गण परिषद (अगप) और बीपीएफ के बीच सीट बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप दे दिया गया है और आज ही यह घोषित किये जाने की उम्मीद है कि कौन सी पार्टी किस सीट पर चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने बताया कि यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) अब राज्य में भाजपा नीत गठबंधन का हिस्सा नहीं है, जबकि बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) गठबंधन में बना रहेगा।

बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) क्षेत्र में यूपीपीएल और बीपीएफ में प्रतिद्वंद्वी दल हैं। बीटीसी राज्य का एक स्वायत्त क्षेत्र है जिसका गठन 2003 में संविधान की छठी अनुसूची के तहत किया गया था। बीटीसी क्षेत्र में विधानसभा की 15 सीट आती हैं।

मुख्यमंत्री ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘ यूपीपीएल 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और हमारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। हमारा गठबंधन बीपीएफ के साथ है।’’

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा जबकि मतों की गिनती के लिए चार मई की तारीख तय की गई है।

यूपीपीएल पूरे पांच साल तक शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा की गठबंधन सरकार का हिस्सा रही, जबकि बीपीएफ ने बाद में अपना समर्थन दिया। दोनों पार्टियों के राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री थे।

बीपीएफ 2016 में भाजपा के नेतृत्व वाली पिछली गठबंधन सरकार का भी हिस्सा थी। इससे पहले, बीपीएफ 2006 से कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों की सहयोगी रही है।

शर्मा ने कहा कि अगप 26 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और पिछले चुनाव में भी उसने इतनी सीटों पर ही किस्मत आजमायी थी।

उन्होंने बताया कि सीट बंटवारा समझौते के तहत बीपीएफ को 11 सीट आवंटित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ आज शाम हमारी संसदीय दल की बैठक के बाद, हम संभवतः सीटों के नामों की घोषणा कर सकते हैं।’’

असम विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा,अगप और बीपीएफ ने अब तक किसी भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *