रेनो की ‘डस्टर’ नए अवतार में वापस लौटी, कीमत 10.49 लाख रुपये से शुरू

0
w344444

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) फ्रांसीसी वाहन विनिर्माता रेनो ने मंगलवार को भारतीय बाजार में अपनी मध्यम आकार की एसयूवी ‘डस्टर’ के पूरी तरह नए अवतार को 10.49 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर पेश किया।

रेनो के पूर्ण-स्वामित्व वाली भारतीय इकाई रेनो इंडिया ने यहां एक कार्यक्रम में नई डस्टर के टर्बो पेट्रोल संस्करण को बिक्री के लिए जारी करते हुए कहा कि देशभर में इसकी डिलिवरी अब शुरू हो गई है।

कंपनी ने एकदम नए रंग-रूप एवं प्लेटफॉर्म के साथ तैयार नई डस्टर की पहली झलक 26 जनवरी को चेन्नई में दिखाई थी। इसके हाइब्रिड संस्करण की आपूर्ति इस साल के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है।

आधुनिक तकनीकी खूबियों एवं आरामदायक सुविधाओं से लैस इस एसयूवी को कंपनी ने अपने नए प्लेटफॉर्म आरजीएमपी पर तैयार किया है और इसे भारतीय सड़कों की मांग के अनुरूप डिजाइन किया गया है।

नई डस्टर में टर्बो टीसीई 1.0 लीटर और 1.6 लीटर वाले दो इंजन विकल्प उपलब्ध हैं। इसे मैनुअल ट्रांसमिशन के अलावा डीसीटी ट्रांसमिशन के साथ भी पेश किया गया है।

पांच संस्करणों में उपलब्ध इस मॉडल के शुरुआती संस्करण की शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये रखी गई है। हालांकि, 31 मार्च तक बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को यह संस्करण 10.29 लाख रुपये की शोरूम कीमत पर ही मिल जाएगा।

रेनो ने इस एसयूवी को फुल एलईडी लाइटिंग, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट, एडास फीचर और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर के साथ पेश किया है। कंपनी ने इस पर सात साल की वारंटी की भी घोषणा की है।

रेनो इंडिया के उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) फ्रांसिस्को हिडाल्गो ने इस मौके पर संवाददाताओं से कहा, “नई डस्टर भारतीय ग्राहकों की उम्मीदों के अनुरूप मजबूत प्रदर्शन, टिकाऊपन और रोजमर्रा की उपयोगिता वाली खूबियों से लैस है। हमें उम्मीद है कि यह भारतीय ग्राहकों को एक भरोसेमंद विकल्प देगी।”

हिडाल्गो ने कहा कि डस्टर को मिल रहे समर्थन को देखते हुए कंपनी को अगले कुछ वर्षों में भारतीय बाजार में एक अच्छी हिस्सेदारी हासिल करने की उम्मीद है। फिलहाल कंपनी की बाजार हिस्सेदारी एक प्रतिशत से भी कम है।

उन्होंने डस्टर के हाइब्रिड संस्करण के अपने खंड में सबसे आगे रहने का भरोसा जताते हुए कहा कि यह शहर में 80 प्रतिशत तक बैटरी पर चलने में सक्षम है। इस संस्करण को महानगरों में लगभग 40 प्रतिशत बुकिंग मिली हैं और वर्ष 2026 के लिए निर्धारित हाइब्रिड क्षमता पूरी तरह से बुक हो चुकी है।

नई डस्टर को देशभर में रेनो के 350 से अधिक बिक्री और 450 से अधिक सर्विस सेंटर के नेटवर्क के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।

रेनो ने जुलाई, 2012 में डस्टर को पेश करने के साथ भारत में स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) का नया खंड बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन प्रतिस्पर्द्धा बढ़ने और ग्राहकों की मांग पर खरा नहीं उतर पाने से डस्टर का उत्पादन 2022 में बंद करना पड़ा था।

रेनो इंडिया डस्टर की वापसी के पहले केवल तीन मॉडल- क्विड, ट्राइबर और काइगर की बिक्री कर रही थी। लेकिन नई डस्टर की पेशकश के बाद उसे भारतीय बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *