न्यायमूर्ति नागू ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली

चंडीगढ़, नौ जुलाई (भाषा) पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने न्यायमूर्ति शील नागू को मंगलवार को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई।

न्यायमूर्ति नागू इससे पहले मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश थे।

राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित थे।

कुछ दिन पहले, न्यायमूर्ति नागू को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।

उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने 27 दिसंबर 2023 को नियुक्ति के लिए उनके नाम की सिफारिश की थी।

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद से न्यायमूर्ति रवि शंकर झा के सेवानिवृत्त होने के बाद नागू की पदोन्नति की सिफारिश की गई थी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, एक जनवरी 1965 को जन्मे न्यायमूर्ति नागू पांच अक्टूबर, 1987 को अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए और उन्होंने जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में दीवानी (सिविल) एवं संवैधानिक मामलों में वकालत की।

विज्ञप्ति के मुताबिक, उन्हें 27 मई 2011 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और 23 मई 2013 को वह स्थायी न्यायाधीश बने।