नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) देश का वस्तु निर्यात फरवरी में 0.81 प्रतिशत घटकर 36.61 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया है। सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
इस दौरान आयात 24.11 प्रतिशत बढ़कर 63.71 अरब डॉलर हो गया जबकि फरवरी, 2025 में यह 51.33 अरब डॉलर था।
समीक्षाधीन महीने में व्यापार घाटा 27.1 अरब डॉलर रहा।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने व्यापार आंकड़ों पर मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि चुनौतियों के बावजूद देश का निर्यात अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के पहले 11 माह (अप्रैल-फरवरी) में देश का निर्यात 1.84 प्रतिशत बढ़कर 402.93 अरब अमेरिकी डॉलर रहा है। इसी अवधि में आयात भी 8.53 प्रतिशत बढ़कर 713.53 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।
अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण उत्पन्न लॉजिस्टिक चुनौतियों की वजह से मार्च में निर्यात में गिरावट देखने को मिल सकता है।
यह संकट 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू होने के बाद उत्पन्न हुआ है जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य सहित प्रमुख व्यापार मार्गों में व्यापक व्यवधान आया है।