निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी, कोलकाता पुलिस आयुक्त को पद से हटाया

0
e2333333

कोलकाता, 16 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के एक दिन बाद निर्वाचन आयोग ने सोमवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी सिद्ध नाथ गुप्ता को पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गुप्ता को पीयूष पांडे के स्थान पर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग ने कोलकाता के पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार को भी हटा दिया और उनके स्थान पर अजय कुमार नंद को नियुक्त किया है।

चुनाव आयोग ने कहा कि राज्य में चुनाव तैयारियों की समीक्षा के बाद अधिकारियों को हटाने का फैसला किया गया।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने राज्य सरकार को सिद्ध नाथ गुप्ता को पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक (प्रभारी) नियुक्त करने का निर्देश दिया है, जबकि नटराजन रमेश बाबू को सुधार सेवाओं का महानिदेशक नामित किया गया है।

इसके अलावा चुनाव आयोग ने अजय मुकुंद रानाडे को अतिरिक्त महानिदेशक और आईजीपी (कानून और व्यवस्था) तथा अजय कुमार नंद को कोलकाता पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात करने का आदेश दिया।

अधिकारी ने बताया कि आयोग ने आदेशों पर तत्काल अमल का निर्देश दिया और राज्य सरकार से सोमवार अपराह्ल तीन बजे तक अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को कहा।

चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि जिन अधिकारियों को हटाया गया है उन्हें चुनाव समाप्त होने तक किसी भी चुनाव संबंधी कार्य में तैनात नहीं किया जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *