राज्यसभा चुनाव में बिहार की सभी पांच सीट पर राजग उम्मीदवारों की जीत तय: चौधरी

0
sdreeeeeee

पटना, 15 मार्च (भाषा) बिहार के संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने रविवार को दावा किया कि राज्यसभा चुनाव में राज्य की सभी पांच सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों की जीत तय है।

चौधरी ने जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के आवास पर बुलाई गई राजग की बैठक में शामिल होने के बाद यह टिप्पणी की।

सोमवार को होने वाले राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले यह बैठक हुई है।

चौधरी ने कहा, “राज्य में राज्यसभा चुनाव में राजग के सभी पांच उम्मीदवारों की जीत तय है। सोमवार को होने वाले राज्यसभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए आज की बैठक बुलाई गई थी।”

बैठक में केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हुए। शर्मा बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक हैं। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख संजय सरावगी और राजग के अन्य दलों के नेता भी बैठक में मौजूद थे।

चौधरी के आवास पर रविवार को ही राजग के विधायकों की एक और बैठक होनी है।

बिहार की पांच राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव में कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें सत्तारूढ़ राजग के पांच जबकि विपक्ष का एक उम्मीदवार है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी चुनाव मैदान में हैं। राजग के अन्य उममीदवारों में केंद्रीय मंत्री व जद(यू) के नेता रामनाथ ठाकुर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा और भाजपा की राज्य इकाई के महासचिव शिवेश कुमार शामिल हैं। विपक्ष की तरफ से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अमरेंद्र धारी सिंह उम्मीदवार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *