कांग्रेस ने कांशीराम को सामाजिक न्याय की विचारधारा का नायक बताया

0
dr43re32

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम की जयंती पर रविवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें सामाजिक न्याय की विचारधारा का नायक बताया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि गरीबों, दलितों और हाशिए पर रह रहे लोगों के अधिकारों के लिए कांशीराम का अथक संघर्ष एवं समर्पण ‘‘हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत’’ है।

गांधी ने कांशीराम को श्रद्धांजलि देते हुए दावा किया कि आज संविधान खतरे में है और ‘‘जो लोग बाबासाहेब के संविधान की शपथ लेकर सत्ता में आए हैं, वे स्वयं इसे कमजोर करने पर तुले हुए हैं।’’

गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘बहुजन नायक कांशीराम की जयंती पर उन्हें सादर नमन। गरीबों, दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए उनका अथक संघर्ष और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘उनका मानना था कि संविधान ही दलितों, पिछड़ों और वंचितों की असली ताकत है। वही संविधान आज खतरे में है – बाबासाहेब के संविधान की शपथ लेकर सत्ता में बैठने वाले ही उसे कमजोर करने पर तुले हैं।’’

गांधी ने कहा, ‘‘जब तक सत्ता में भागीदारी नहीं, तब तक न्याय संभव नहीं – कांशीराम की विरासत यही कहती है। सामाजिक न्याय का यह सपना अधूरा नहीं रहेगा। कांग्रेस पार्टी बहुजन समाज की भागीदारी, सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए पहले भी खड़ी थी, आज भी खड़ी है और हमेशा खड़ी रहेगी।’’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांशीराम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि महान समाज सुधारक ने दलितों, वंचितों, शोषितों और पिछड़े वर्गों को संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिससे इन वर्गों को भारतीय राजनीति की मुख्यधारा में एक सम्मानजनक स्थान प्राप्त हुआ।

खरगे ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘महान समाज सुधारक कांशीराम ने दलित, वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को संगठित कर उन्हें भारतीय राजनीति की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। सामाजिक न्याय और बराबरी की लड़ाई में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनकी जयंती पर हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी कांशीराम को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सामाजिक न्याय की विचारधारा के नायक एवं दलित, वंचित, शोषित तबकों की प्रखर आवाज कांशीराम की जयंती पर उन्हें सादर नमन।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांशीराम ने अपने विचारों और आंदोलनों के माध्यम से समानता और न्याय के संवैधानिक सिद्धांतों को नयी ऊंचाई दी। उनके विचार हम सबको सदैव प्रेरित करते रहेंगे।’’

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, ‘‘बहुजन समाज के आदर्श और समाज सुधारक कांशीराम की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।’’

राहुल गांधी ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि अगर जवाहरलाल नेहरू जीवित होते, तो कांशीराम को कांग्रेस से मुख्यमंत्री बनाया जाता।

भारत के पहले प्रधानमंत्री नेहरू का निधन 1964 में हुआ था जबकि कांशीराम 1978 में पिछड़े वर्गों के हितों की वकालत करने वाले संगठन बामसेफ की स्थापना के साथ राजनीतिक परिदृश्य में उभरे। इसके बाद उन्होंने 1984 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का गठन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *