तिरुवनंतपुरम, 14 मार्च (भाषा) कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को कहा कि केरल के कुछ पार्टी सांसदों ने राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने में रुचि व्यक्त की है, लेकिन इस संबंध में अंतिम निर्णय आलाकमान लेगा।
पत्रकारों से बात करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति ने केरल विधानसभा चुनावों के लिए कई नामों को अंतिम रूप दे दिया है तथा कुछ और नामों पर फैसला होना बाकी है।
उन्होंने कहा कि पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी इस संबंध में चर्चा कर रही है और जल्द ही निर्णय की घोषणा की जाएगी।
अलप्पुझा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद वेणुगोपाल ने पार्टी के वरिष्ठ नेता के. सुधाकरन की ‘‘नाराजगी’’ की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेता की हालिया फेसबुक पोस्ट में उन्होंने कन्नूर और कांग्रेस के प्रति अपना प्रेम ही व्यक्त किया है।
वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि चुनाव लड़ने की किसी की इच्छा को वह ‘‘बहुत बड़ी गलती’’ नहीं कह सकते।
कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि अंतिम निर्णय आलाकमान को लेना है और मुझे नहीं लगता कि सुधाकरन इसके खिलाफ जाएंगे।’’
सुधाकरन को भाजपा में शामिल होने का निमंत्रण दिए जाने की खबरों के संबंध में वेणुगोपाल ने कहा कि ‘‘उन्हें (भाजपा) किसी और को ढूंढना होगा।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी में सभी का लक्ष्य विधानसभा चुनावों में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की जीत सुनिश्चित करना है।