सियोल, 14 मार्च (एपी) अमेरिका एवं दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यास के बीच उत्तर कोरिया ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए शनिवार को पूर्वी सागर की ओर लगभग 10 बैलिस्टिक मिसाइल दागीं। दक्षिण कोरिया की सेना ने यह जानकारी दी।
दक्षिण कोरिया के ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ ने कहा कि मिसाइलें उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग के निकटवर्ती क्षेत्र से दागी गईं, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि वे कितनी दूर तक गईं।
जापान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये हथियार देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बाहर के जलक्षेत्र में गिरे।
दक्षिण कोरिया के ‘ज्वाइंट चीफ्स’ ने कहा कि सेना ने निगरानी बढ़ा दी है और संभावित अतिरिक्त हमलों के खिलाफ तत्परता बनाए रखी है तथा वह अमेरिका एवं जापान के साथ जानकारी साझा कर रही है।
यह प्रक्षेपण ऐसे समय में किया गया है, जब उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का जवाब देने की हाल में धमकी दी थी। अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच 11 ‘फ्रीडम शील्ड’ सैन्य अभ्यास जारी है।
अमेरिका और दक्षिण कोरिया के इन अभ्यासों को उत्तर कोरिया अपने ऊपर आक्रमण की तैयारी बताता रहा है।
इस बीच, पश्चिम एशिया में जारी युद्ध ने दक्षिण कोरिया में संभावित सुरक्षा चूकों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। स्थानीय मीडिया ने सुरक्षा कैमरे के फुटेज और अन्य तस्वीरों का हवाला देते हुए अटकलें लगाई हैं कि अमेरिका, दक्षिण कोरिया में तैनात अपनी कुछ मिसाइल रक्षा संपत्तियों को ईरान के खिलाफ जारी युद्ध के मद्देनजर यहां से हटा रहा है।