गुवाहाटी, 13 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वोत्तर में बमों और गोलीबारी की आवाज अब बीते दिनों की बात हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति सुनिश्चित की, जबकि कांग्रेस ने ‘‘स्वार्थी हितों’’ के लिए विभिन्न समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
बारिश के कारण यात्रा कार्यक्रम में बाधा आने के बाद गुवाहाटी से ‘डिजिटल’ माध्यम से असम के कोकराझार जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य ‘‘डबल इंजन’’ सरकार के तहत शांति एवं विकास का एक नया अध्याय लिख रहा है।
मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्वदेशी लोगों की जमीन घुसपैठियों को सौंपकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का काम किया।
उन्होंने कहा, ‘‘आगामी चुनावों में कांग्रेस को दंडित करें और यह स्पष्ट संदेश दें कि इस देश में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है।’’