13 मार्च: उधम सिंह ने ओ’ डायर की जान लेकर जलियांवाला बाग कांड का बदला लिया

0
sder43w

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए सैकड़ों युवाओं ने जान की बाजी लगा दी थी। ऐसे ही एक महान क्रांतिकारी थे पंजाब में जन्मे भारत माता के अमर सपूत उधम सिंह।

उधम सिंह पर अमृतसर के जलियांवाला बाग नरसंहार का गहरा असर पड़ा और उन्होंने हर कीमत पर इसका बदला लेने का प्रण लिया। वह इस घटना का बदला लेने के लिए लंदन तक गए और वहां जाकर उन्होंने पंजाब के तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’ डायर की हत्या कर दी। आजादी के इस दीवाने ने निहत्थे हिंदुस्तानियों की मौत का फरमान जारी करने वाले ओ’डायर पर 13 मार्च, 1940 को ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी जान ले ली और बहादुरी की एक मिसाल कायम की।

13 मार्च 2021 को अश्वेत इलेक्ट्रानिक इंजीनियर केनेथ का वाशिंगटन में 92 साल की उम्र में निधन। उनके द्वारा डिजाइन एंटिना से चंद्रमा पर पहुंचने, टीवी एवं रेडियो संचार के लिए उपग्रह बनाने में मदद मिली और उनकी डिजाइन से नासा को परग्रहियों की तलाश के लिए मंगल पर भेजे गए रोवर से संचार स्थापित करने में मदद मिली।

केली ने अमेरिकी नौसेना में नस्लभेद की दीवार गिराने के लिए भी कार्य किया।

केली ने रडार एवं एवं एंटिना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक पेटेंट अपने नाम कराया था। उन्होंने शुरुआत में ह्यूज्स विमान के लिए काम किया था जिससे निर्देशित मिसाइल प्रणाली और उपग्रह बनाने में मदद मिली, जिसकी वजह से धरती पर बैठकर अपोलो मिशन पर नजर रखना संभव हुआ।

13 मार्च 2025 को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ‘स्पेडेक्स’ उपग्रहों को ‘डी-डॉक’ करने (अलग करने) का काम पूरा कर लिया। इससे चंद्रमा की खोज, मानव अंतरिक्ष उड़ान और अपना स्वयं का अंतरिक्ष स्टेशन बनाने जैसे भविष्य के मिशन के लिए रास्ता साफ हो गया।

‘स्पेस डॉकिंग’ अंतरिक्ष में दो उपग्रहों को जोड़ने की प्रक्रिया को कहते हैं।

कई प्रयासों के बाद अंतरिक्ष एजेंसी ने 16 जनवरी 2025 को दोनों उपग्रहों को सफलतापूर्वक ‘डॉक’ किया था। इसके बाद इसरो ने 13 मार्च, 2025 को सुबह 09:20 बजे (भारतीय समायानुसार) पहले ही प्रयास में स्पेडेक्स उपग्रहों को ‘अनडॉक’ करने का महत्वपूर्ण अभियान पूरा कर लिया।

देश-दुनिया के इतिहास में 13 मार्च की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1781 : खगोलशास्त्री विलियम हर्शेल ने यूरेनस ग्रह का पता लगाया।

1878 : भारतीय भाषाओं के लिए देसी प्रेस अधिनियम (वर्नाकुलर प्रेस एक्ट) पारित किया गया। इसके अगले ही दिन अमृत बाजार पत्रिका को अंग्रेजी पत्र के रूप में प्रकाशित किया जाने लगा।

1881 : रूसी शासक अलेक्जेंडर द्वितीय की हत्या।

1892 : बॉम्बे-तांसा वाटर वर्क्स को खोला गया।

1940 : पंजाब के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’ डायर को लंदन में उधम सिंह ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसे 1919 के जलियांवाला बाग के नरसंहार के प्रतिशोध के तौर पर देखा गया।

1956 : न्यूजीलैंड ने टेस्ट क्रिकेट खेलने का दर्जा मिलने के 26 साल बाद अपनी पहली जीत हासिल की।

1963 : विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्रदान करने का ऐलान किया गया।

1992 : तुर्की में आये भूकंप से करीब 500 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग बेघर हो गए।

2004 : भारतीय शास्त्रीय संगीत की महान विभूति प्रसिद्ध सितार वादक उस्ताद विलायत खां का निधन।

2013 : कैथलिक चर्च के 266 वें पोप के रूप में पोप फ्रांसिस का चयन।

2016 : तुर्की के अंकारा में आत्मघाती बम विस्फोट में 37 लोगों की मौत।

2018 : छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नौ जवान शहीद।

2021 : अश्वेत इलेक्ट्रानिक इंजीनियर केनेथ का वाशिंगटन में 92 साल की उम्र में निधन।

2022 : रुसी हवाई हमले में पश्चिमी यूक्रेन में एक सैन्य प्रशिक्षण अड्डे में 35 लोगों की मौत।

2025 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ‘स्पेडेक्स’ उपग्रहों को ‘डी-डॉक’ करने (अलग करने) का काम पूरा कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *