भाम्बरी और गोरान्सन इंडियन वेल्स मास्टर्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

0
swe3ws

इंडियन वेल्स (अमेरिका), दो मार्च (भाषा) भारत के शीर्ष युगल खिलाड़ी युकी भाम्बरी और स्वीडन के उनके जोड़ीदार आंद्रे गोरान्सन ने इंडियन वेल्स मास्टर्स टेनिस में डेविड पेल और फैब्रिस मार्टिन की जोड़ी के खिलाफ सीधे सेटों में आसान जीत के साथ अंतिम-16 में अपनी जगह पक्की की।

भारत और स्वीडन की गैरवरीयता प्राप्त जोड़ी ने एटीपी 1000 टूर्नामेंट के पहले दौर में फ्रांस और नीदरलैंड की जोड़ी की सर्विस को पांच बार तोड़ते हुए 6-1 6-3 से आसान जीत दर्ज की।

भाम्बरी और गोरान्सन ने अपने प्रतिद्वंदियों के तीन ऐस के मुकाबले पांच ऐस लगाए। पेल और मार्टिन ने 66 मिनट के इस मुकाबले में छह ‘डबल फॉल्ट’ किए।

भाम्बरी और गोरान्सन का सामना अब सैंडर एरेंड्स और जिरी लेहेका की अनुभवी जोड़ी से होगा, जिन्होंने दूसरी वरीयता प्राप्त ब्रिटेन की जूलियन कैश और लॉयड ग्लासपूल की जोड़ी को हराया था।

विश्व रैंकिंग (युगल) में 23वें स्थान पर मौजूद भाम्बरी 2026 सत्र के पहले मास्टर स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *