ताकि आंखें न रहें थकी थकी

0
dfeer3

आजकल बहुत लोगों को आंखों में थकान की शिकायत रहती है क्योंकि कंप्यूटर युग में अधिकतर लोग कंप्यूटर पर कई कई घंटे लगातार काम करते हैं। बच्चे टीवी और कंप्यूटर गेम अधिक खेलते हैं। बाद में शिकायत होती है आंखों में थकान की। बाहरी प्रदूषण, कंप्यूटर, टीवी, लगातार पढ़ाई करने से और पौष्टिक आहार न लेना ही मुख्य कारण हैं आंखों की थकान के। आइए देखें हम किस प्रकार अपनी आंखों की थकान को दूर कर सकते हैं।
करें नियमित आंखों का व्यायाम
आंखों में थकान महसूस न हो, इसके लिए आंखों का नियमित व्यायाम करना आवश्यक है। इसके लिए कुछ दूरी पर किसी भी एक चीज पर अपना ध्यान लगाएं। बिना आंखों की पलकें झपके जब थकान महसूस हो, आंखें बंद कर लें। दो-तीन बार इस क्रिया को दोहराएं। उसके बाद आंखों को दाएं बाएं दूर से दूर देखें। गर्दन नहीं घुमाएं और आंखों को न झपकाएं। 4 से 5 बार करके आंखें बंद कर विश्राम करें।
तीसरा व्यायाम, आंखों से ऊपर से ऊपर देखें, फिर नीचे से नीचे देखें, बिना गर्दन घुमाए और पलकें झपके। फिर आंखें बंद कर विश्राम करें। हथेलियों को रगड़ कर गर्मी पैदा कर आंखों पर हथेलियों को कप बनाएं और ऊष्मा महसूस करें। देखें अंगुलियों के पोरों से आंखों की हड्डियों पर हल्का हल्का दबाएं। हथेलियों से कप बना कर आंखें झपकाएं। इस प्रकार आपकी आंखों की मसल्स रिलेक्स होंगी और थकान दूर होगी।
नींद पूरी लें
 हमारे शरीर की मांसपेशियों की टूटफूट रात्रिा में आराम करते हुए काफी हद तक ठीक होती है। इसीलिए नींद पूरी लें। 6 से 8 घंटे तक नींद लेना जरूरी है। प्रतिदिन ठीक समय पर सोने का अभ्यास डालें ताकि नींद, आसानी से आ सके और आंखों की थकान के साथ-साथ शरीर की थकान भी दूर हो सके।
लैंसेस बीच में उतारते रहें
जो लोग लैंसेस लगाते हैं या ऐनक पहनते हैं, जब वो ऐसा काम न कर रहे हों या जब उन्हें ऐनक या लैंसेस की जरूरत हो, ऐसे में ऐनक और लैंसेस उतार दें ताकि आंखें उनपर हर समय निर्भर न रहें। ऐसा करने से भी आंखों को आराम मिलता है और थकान कम महसूस होती है।
स्क्रीन से बीच बीच में दूरी बना कर रखें
जब भी आप टीवी देख रहे हैं, वीडियो गेम खेल रहे हैं, कंप्यूटर पर काम कर रहे हैं या आंखों से कोई भी विशेष काम ले रहे हैं तो हर 10 मिनट के अंतराल में आंखों को उस काम से हटा कर एक दो मिनट के लिए कहीं दूर देखें ताकि लगातार काम से आंखों में थकान न हो। किसी कारणवश कुछ समय हेतु लगातार आंखों से विशेष काम लेना भी पड़े तो उसके बाद कुछ देर आंखें बंद कर रिलेक्स करें या प्रकृति का खिड़की से आनंद उठाएं।
पौष्टिक आहार लें  
विटामिन ए युक्त आहार नियमित लें। डार्क कलर के फल और सब्जियां आंखों की सेहत हेतु लाभप्रद होती हैं। पालक, ब्रोकली, गाजर, शिमला मिर्च, टमाटर को नियमित आहार का अंग बनाएं। जंक फूड का सेवन कम से कम करें। नटस में बादाम भी बहुत लाभदायक हैं। इनका सेवन भी करें।
बाहर से आने पर आंखें अवश्य धोएं  
जब भी कहीं बाहर से आएं तो पहले हाथ धोकर आंखों पर साफ ताजा जल डालकर वाश करें ताकि बाहर की धूल मिट्टी साथ-साथ साफ हो जाए। काम करते समय भी जब आंखों में थकान हो तो आंखों पर ताजे जल के छींटे मारें।  अधिक थकान होने पर रात्रिा में सोते समय गुलाब जल की कुछ बूंदें डालकर सोएं। आराम मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *