चंडीगढ़, सात मार्च (भाषा) पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने एक पत्रकार की हत्या के 2002 के मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को बरी कर दिया है। डेरा प्रमुख के वकील जितेंद्र खुराना ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अदालत ने डेरा प्रमुख को दोषी ठहराए जाने और आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के सात साल से अधिक समय बाद बरी किया।
खुराना ने कहा, ‘‘अदालत ने राम रहीम सिंह को पत्रकार राम चंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में बरी कर दिया है।’’
सिंह और तीन अन्य लोगों को हरियाणा के सिरसा में पत्रकार की हत्या के लिए 2019 में दोषी ठहराया गया था। छत्रपति को अक्टूबर 2002 में उनके घर के बाहर गोली मार दी गई थी, जब उनके अखबार ‘पूरा सच’ ने एक गुमनाम पत्र प्रकाशित किया था जिसमें सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में महिला अनुयायियों के कथित यौन शोषण का जिक्र किया गया था।
सिंह को 2017 में अपनी दो शिष्याओं से बलात्कार के जुर्म में भी 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। इस मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उसे हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में रखा गया।