मुख्यमंत्री ने मॉनेस्ट्री मार्केट में फुट ओवर ब्रिज का शिलान्यास किया

0
sdewsews

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले विभिन्न राज्यों के लोगों सहित सभी निवासियों का सम्मान करती है।

गुप्ता उत्तरी दिल्ली में कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास मॉनेस्ट्री मार्केट में फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) की आधारशिला रखने के दौरान एक समारोह को संबोधित कर रही थीं।

इस क्षेत्र में लद्दाख के कई परिवार रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने हमेशा “जियो और जीने दो” के सिद्धांत का पालन किया है और आत्मरक्षा के अलावा कभी भी किसी देश पर हमला नहीं किया है।

गुप्ता ने कहा, “आज दुनिया को महात्मा बुद्ध के शांति के संदेश को याद रखने की जरूरत है। दुनिया में जहां आतंकवाद व्याप्त है, वहीं हमारा देश शांतिपूर्ण बना हुआ है। भारत हमेशा से ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के सिद्धांत पर चलता आया है। हमने कभी किसी दूसरे देश पर हमला नहीं किया। अगर हमने हथियार उठाए भी हैं, तो सिर्फ आत्मरक्षा के लिए।”

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग तीन करोड़ रुपये की लागत से इस एफओबी का निर्माण कर रहा है। इस संरचना को लद्दाख की संस्कृति और परंपराओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “लद्दाख के कई परिवार यहां कई वर्षों से बसे हुए हैं। हम एक परिवार की तरह हैं। दिल्ली में विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के लोग रहते हैं, और सरकार उन सभी का सम्मान करती है।”

पूर्ववर्ती सरकार की आलोचना करते हुए गुप्ता ने आरोप लगाया कि उसने जन कल्याण के बजाय “वोट बैंक” को प्राथमिकता दी।

उन्होंने विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम लेते हुए कहा कि उनकी मानसिकता ने विकास में बाधा डाली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार शहर के हर कोने में बुनियादी ढांचे का विकास करने का इरादा रखती है ताकि प्रत्येक परिवार को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बाद में उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मॉनेस्ट्री मार्केट, लद्दाख बुद्ध विहार के फुट ओवर ब्रिज का निर्माण लद्दाख की वास्तुकला को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “इसमें दो लिफ्ट भी लगाई जाएंगी। फुट ओवर ब्रिज के बनने से लद्दाख बुद्ध विहार और मॉनेस्ट्री मार्केट आने-जाने वाले लोगों को सुरक्षित रूप से सड़क पार करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही रिंग रोड पर यातायात भी अधिक सुचारु और निर्बाध रूप से चल सकेगा।”

इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लद्दाख इकाई के प्रदेश अध्यक्ष ताशी ग्यालसन खाचू सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *