तमिलनाडु विधानसभा चुनाव मेरे लिए भावनात्मक विषय है: विजय

0
dcfer3efew

तंजावुर (तमिलनाडु), चार मार्च (भाषा) तमिलनाडु की राजनीति में पहली बार कदम रखने वाले अभिनेता विजय ने बुधवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव दूसरों के लिए साधारण चुनाव हो सकता है, लेकिन उनके लिए यह “भावनात्मक विषय” है।

यहां पार्टी पदाधिकारियों की सभा को संबोधित करते हुए टीवीके प्रमुख ने तमिलनाडु की जनता से आगामी चुनावों में उन्हें मौका देने की अपील की।

विजय ने अप्रैल में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के बारे में कहा, ‘‘यह दूसरों के लिए साधारण चुनाव लग सकता है, लेकिन मेरे और मुझे प्यार करने वाली जनता के लिए यह एक भावना है, समुद्र के उफान जैसी भावना।’’

उन्होंने कहा कि टीवीके का चुनाव चिह्न ‘‘सीटी’’ तमिलनाडु के हर घर और हर मतदान केंद्र में गूंजना चाहिए और पार्टी के लिए शानदार जीत सुनिश्चित करनी चाहिए।

विजय ने कहा, ‘‘दिल्ली की टीम क्रिकेट में भी तमिलनाडु की टीम को नहीं हरा सकती’’। उन्होंने आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग के ‘सीटी बजाओ’ नारे का उल्लेख किया।

विजय ने सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर भी निशाना साधते हुए उसे एक बार फिर ‘‘बुरी शक्ति’’ करार दिया और कहा कि अब तो बच्चे भी इसे लेकर यही कहने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *