पश्चिम एशिया संकट : दिल्ली हवाई अड्डे पर 80 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

0
sdertredsa

नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच परिचालन संबंधी व्यवधानों के कारण मंगलवार सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर कुल 80 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।

एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इनमें 36 प्रस्थान उड़ानें और 44 आगमन उड़ानें शामिल हैं। एमिरेट्स सहित कुछ एयरलाइन ने पश्चिम एशिया के लिए आंशिक रूप से सेवाएं फिर शुरू कर दी हैं।

उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम’ पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दुबई जा रही एमिरेट्स एयरलाइन की उड़ान संख्या ईके-513 वायुक्षेत्र संबंधी प्रतिबंधों के कारण राष्ट्रीय राजधानी लौट आई। वहीं, दुबई से आने वाली एमिरेट्स की उड़ान संख्या ईके-512 मंगलवार सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी।

दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा, “पश्चिम एशिया में जारी राजनीतिक स्थिति के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी या समय-सारिणी में बदलाव किया जा रहा है।”

दिल्ली हवाई अड्डे पर प्रतिदिन 1,300 से अधिक उड़ानों का संचालन किया जाता है।

इस बीच, पिछले तीन दिन में पश्चिम एशिया संकट के चलते विभिन्न भारतीय एयरलाइन ने 1,117 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *