आइसक्रीम की शुरूआत कब और कहां?

0
Variety of ice cream cones

गर्मी का मौसम हो और ‘आइसक्रीम’ की चर्चा न हो, यह कैसे हो सकता है। ‘आइसक्रीम’ तो आपने खूब खायी होगी लेकिन क्या आपको पता है कि आम बिकने वाली नए-नए स्वादों, नए-नए आकार की आइसक्रीम की सबसे पहले शुरूआत कब और कहां हुई थी? तो आइये जानें आइसक्रीम के विकास के बारे में।
आइसक्रीम का इतिहास 700 वर्ष पुराना है। विश्व की पहली आइसक्रीम 13वीं शताब्दी में चीन में बनाई गई थी लेकिन इसका स्वाद वहां के नागरिकों को काफी समय बाद चखने को मिला। कुछ ऐसे हुआ था कि चीन में मंगोल बादशाह कुबलई खान ने देशवासियों के आइसक्रीम खाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस कारण सन् 1260 से सन् 1296 तक कोई आम आदमी आइसक्रीम का स्वाद नहीं चख पाया। इसका मजा मात्रा सिर्फ राजघरानों के सदस्य ही लेते मगर फिर धीरे-धीरे सन् 1300 तक चीनवासियों तक आइसक्रीम पहुंच गई लेकिन आइसक्रीम बनाने की कला काफी वर्षों बाद भी अन्य देश नहीं जान पाए।
13वीं शताब्दी में उत्तरार्द्ध में इटली का एक यात्री  ‘मार्कोपोलो’ शाही मेहमान बनकर चीन पहुंचा तो उसे भोजन के बाद आइसक्रीम भी खाने को दी गई। मार्कोपोलो को आइसक्रीम अत्यंत पसंद आई। उसने चीन के बादशाह ‘कुबलई खान’ से आइसक्रीम बनाने की कला बताने का अनुरोध किया। कुबलई खान ने मार्कोपोलो को आइसक्रीम बनाने की विधि तो बता दी पर इस शर्त पर कि आइसक्रीम का उपयोग सिर्फ इटली के राजघरानों तक ही सीमित रखा जाए। मार्कोपोलो ने बादशाह की बात मान ली। इस प्रकार आइसक्रीम बनाने की कला चीन से बाहर इटली के शाही परिवार तक पहुंची।
सन् 1533 में इटली की राजकुमारी कैथरीन द मैडिसी की शादी फ्रांस के युवराज ‘फ्रांसिस’ प्रथम के साथ हुई। फ्रांस जाते समय कैथरीन अपने बावर्ची को भी अपने साथ ले गई। तब आइसक्रीम बनाने की कला इटली से फ्रांस पहुंची। सन् 1630 में फ्रांस की राजकुमारी ‘हैनरीटा मारिया’ की शादी इंग्लैड के राजकुमार चार्ल्स प्रथम से हुई। हैनरीटा के बावर्ची राजकुमारी के साथ इंग्लैंड गए। इस प्रकार आइसक्रीम फ्रांस से इंग्लैंड तक पहुंची और इस प्रकार धीरे-धीरे आइसक्रीम का प्रचलन बढ़ने से इसका व्यवसाय होने लगा और आइसक्रीम की फैक्टरियां लगने लगीं।
सन् 1900 में रेफ्रीजिरेटर का आविष्कार हुआ, तब आइसक्रीम निर्माण एक उद्योग के रूप में उभरा। नए नए रंगों, आकारों और स्वाद वाली आइसक्रीम बनने लगी। विश्व में आइसक्रीम बनाने की पहली बड़ी फैक्टरी अमेरिका के ब्लादिमोर नगर में बनी और आज प्रत्येक देश में आइसक्रीम बनाने की कई फैक्टरियां हैं। इस कारण प्रत्येक गांव-शहर के बच्चे इसका मजा चख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *