इजराइल का हवाई क्षेत्र बंद होने से दिल्ली-तेल अवीव उड़ान को मुंबई भेजा गया: एअर इंडिया

0
fgt545rtgfdewqdf

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) इज़राइल के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण एअर इंडिया ने शनिवार को दिल्ली से तेल अवीव जा रही अपनी उड़ान को मुंबई की ओर मोड़ दिया।

इजराइल द्वारा ईरान पर हमले किए जाने के बाद कुछ हवाई क्षेत्रों को उड़ान संचालन के लिए बंद कर दिया गया है।

एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, “अठाईस फरवरी को दिल्ली से तेल अवीव के लिए संचालित उड़ान एआई139 इजराइल के हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण तथा यात्रियों एवं चालक दल की सुरक्षा के मद्देनजर भारत लौट रही है।”

एअरलाइन के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि विमान को मुंबई भेजा गया है।

एअर इंडिया ने कहा, “हम अपनी उड़ानों के संचालन के लिए सुरक्षा और संरक्षा से जुड़ी परिस्थितियों का लगातार आकलन कर रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर परिचालन में बदलाव करेंगे।”

विमानन कंपनी ने इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद भी जताया।

इस बीच, इंडिगो ने कहा कि वह ईरान और उसके हवाई क्षेत्र से संबंधित घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए है।

विमानन कंपनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “स्थिति में बदलाव के अनुसार आवश्यक समायोजन करने के लिए हमारी टीमें तैयार हैं।”

इसने यात्रियों से प्रस्थान से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की अपील की।

उड़ानों की जानकारी देने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24 डॉटकॉम’ ने ‘एक्स’ पर कहा कि हवाई क्षेत्रों के बंद होने का असर कई उड़ानों और विमानन कंपनियों पर पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *