उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शेयर बाजार स्थिर रुख के साथ बंद

0
Untitled-10-copy-5

मुंबई, 26 फरवरी (भाषा) वैश्विक संकेतों के बीच उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बृहस्पतिवार को स्थानीय शेयर बाजार लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 27 अंक की गिरावट रही जबकि निफ्टी में 14 अंक की बढ़त दर्ज की गई।

कारोबारियों ने कहा कि एचडीएफसी बैंक एवं कुछ अन्य प्रमुख कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से सूचकांकों पर दबाव बना। इसके अलावा अमेरिका-ईरान वार्ता के पहले निवेशकों ने सतर्कता भी दिखाई।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 27.46 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 82,248.61 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 82,579.16 अंक के ऊपरी और 81,970.47 अंक के निचले स्तर को छुआ। इस तरह सूचकांक में 608.69 अंक का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।

वहीं, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 14.05 अंक या 0.06 प्रतिशत बढ़कर 25,496.55 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही।

दूसरी तरफ भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, मारुति और भारती एयरटेल के शेयरों में बढ़त रही।

विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता से पहले सतर्कता और प्रमुख आर्थिक आंकड़ों के इंतजार में निवेशकों ने मुनाफावसूली की।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों और अमेरिका में बेरोजगारी दावों एवं भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के आंकड़े आने से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।’’

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,991.64 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,118.57 करोड़ रुपये की लिवाली की।

लेमन मार्केट्स डेस्क के विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘अमेरिका-ईरान तनाव, एआई से जुड़े घटनाक्रम और शुल्क संबंधी चिंताओं के बीच निवेशक धारणा सतर्क बनी रही। हालांकि, संस्थागत खरीदारी ने सूचकांकों में बड़ी गिरावट को थामने में मदद की।’’

क्षेत्रवार सूचकांकों में बीएसई हॉस्पिटल खंड 1.35 प्रतिशत चढ़ गया जबकि पीएसयू बैंक खंड में 0.98 प्रतिशत, स्वास्थ्य देखभाल खंड में 0.96 प्रतिशत और पूंजीगत उत्पाद खंड में 0.88 प्रतिशत की तेजी रही।

व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.57 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप में 0.12 प्रतिशत की गिरावट रही।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त में रहा जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में बंद हुए।

यूरोपीय बाजारों में ज्यादातर दोपहर के कारोबार में बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.95 प्रतिशत के नुकसान के साथ 70.18 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

बुधवार को सेंसेक्स 50.15 अंक चढ़कर 82,276.07 अंक और निफ्टी 57.85 अंक की बढ़त के साथ 25,482.50 अंक पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *