मनसुख मांडविया ने श्रम मंत्रालय का कार्यभार संभाला

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) मनसुख मांडविया ने मंगलवार को श्रम मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया।

कार्यभार संभालने के बाद मंडाविया ने मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने भूपेंद्र यादव का स्थान लिया है।

हालांकि, उन्होंने मंत्रालय में चुनौतियों या अपनी कार्ययोजना के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।

मांडविया को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार (राजग) में दूसरी बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। वह 2021 में कोविड-19 वैश्विक महामारी के चरम पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री थे।

मांडविया के सामने बड़ी चुनौती श्रम सुधारों को लागू करना है, जिसके तहत 44 श्रम कानूनों को वेतन, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक संबंध तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थितियों पर चार संहिताओं में समेकित करना है।

भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में खंडित जनादेश मिलने से संसद में मजबूत विपक्ष के बीच उनकी चुनौतियां और बढ़ गई हैं।