चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश में राजग के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चुने गए

अमरावती, 11 जून (भाषा) तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को मंगलवार को आंध्र प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुना गया।

विजयवाड़ा में आयोजित तेलुगु देशम पार्टी, जनसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों की बैठक में नायडू को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।

राजग की बैठक में भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई की प्रमुख डी पुरंदेश्वरी और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण भी शामिल हुए और उन्होंने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर नायडू का समर्थन किया।

तेदेपा नेता के अचेन नायडू ने कहा कि इससे पहले सुबह नायडू को सर्वसम्मति से पार्टी के विधायक दल का नेता चुना गया।

इसी तरह जनसेना पार्टी के संस्थापक पवन कल्याण को विधानसभा में पार्टी का नेता चुना गया।