उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद

0
stock-market-2

मुंबई, 25 फरवरी (भाषा) अमेरिका में भारतीय सौर उत्पादों पर 126 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगाने की घोषणा से बुधवार को निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई और घरेलू शेयर बाजार अपनी शुरुआती तेज बढ़त गंवाते हुए मामूली लाभ के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 50 अंक जबकि निफ्टी में 58 अंक की तेजी दर्ज की गई।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 50.15 अंक यानी 0.06 प्रतिशत बढ़कर 82,276.07 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 731.99 अंक चढ़कर 82,957.91 अंक तक पहुंच गया था।

वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 57.85 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,482.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय निफ्टी 228 अंक चढ़कर 25,652.60 अंक पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी और टेक महिंद्रा के शेयर चढ़कर बंद हुए।

दूसरी तरफ रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, अदाणी पोर्ट्स और इटर्नल के शेयर गिरावट में रहे।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख (संपत्ति प्रबंधन) सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘सकारात्मक वैश्विक संकेतों से बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि, व्यापार संबंधी अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों ने जोखिम से बचने को तरजीह दी।’’

व्यापक बाजार में अमेरिकी प्रशासन के 126 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा से सौर उपकरण क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। वारी एनर्जीज में 10.47 प्रतिशत, प्रीमियर एनर्जीज में 6.27 प्रतिशत एवं विक्रम सोलर में 5.45 प्रतिशत की गिरावट रही।

ऑनलाइन ट्रेडिंग फर्म एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘सकारात्मक वैश्विक संकेतों और अमेरिकी प्रौद्योगिकी शेयरों में उछाल से घरेलू बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। लेकिन ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली हावी होने और वैश्विक व्यापार संबंधी चिंताओं से यह बढ़त सिमट गई।’’

छोटी कंपनियों का बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.59 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप में 0.37 प्रतिशत की तेजी रही।

क्षेत्रवार सूचकांकों में धातु खंड में सर्वाधिक 2.64 प्रतिशत की तेजी रही जबकि वाहन खंड में 1.82 प्रतिशत, फोकस आईटी खंड में 1.53 प्रतिशत और जिंस खंड में 1.49 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग उल्लेखनीय बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 102.53 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,161.22 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.14 प्रतिशत के नुकसान के साथ 70.67 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

मंगलवार को सेंसेक्स 1,068.74 अंक टूटकर 82,225.92 अंक और निफ्टी 288.35 अंक के नुकसान के साथ 25,424.65 अंक पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *