औषधीय पौधे किसानों और मिट्टी के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हैं: राष्ट्रपति मुर्मू

0
dcfr3erfe3

शेगांव (महाराष्ट्र), 25 फरवरी (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि औषधीय पौधों की खेती न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार करती है बल्कि मिट्टी के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होती है।

महाराष्ट्र के बुलढाणा में शेगांव में आयोजित राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026 के उद्घाटन के बाद मुर्मू ने यह भी कहा कि स्वस्थ नागरिक देश को स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुर्मू ने कहा, ‘‘हम सभी को औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के तरीकों पर विचार करना होगा।’’

राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया भर में लोग तनावमुक्त और स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए नियमित व्यायाम, उचित आहार और संतुलित जीवनशैली जैसे रोग निवारक उपाय महत्वपूर्ण हैं।

मुर्मू ने कहा, ‘‘जंगल खत्म हो गए हैं, आग लगने से जंगल नष्ट हो गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि इससे औषधीय पौधे भी नष्ट हो गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘न सिर्फ सरकार बल्कि हम सभी को औषधीय पौधों का पुन: पैदावार शुरू करने के बारे में विचार करना चाहिए।’’

राष्ट्रीय आरोग्य मेला चार दिवसीय आयोजन है जो आयुष प्रणालियों के माध्यम से सुलभ, निवारक और समुदाय आधारित स्वास्थ्य देखभाल पर केंद्रित है।

उद्घाटन समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *