दिल्ली के आर्मी पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी अभियान जारी

0
dfr4ee3w

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) दिल्ली छावनी स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल को सोमवार को ईमेल करके बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

स्कूल प्रशासन ने सुबह प्राधिकारियों को मेल की सूचना दी। मेल में चेतावनी दी गई थी कि परिसर में विस्फोटक उपकरण रखे गए हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हम ईमेल के स्रोत की जांच कर रहे हैं और फिलहाल कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसर को खाली कराने के बाद वहां गहन तलाशी अभियान चल रहा है।’’

उन्होंने आगे बताया कि ईमेल के स्रोत का पता लगाने और इसे भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर प्रकोष्ठ की मदद ली जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते, स्वान दस्ते और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *