प्रधानमंत्री मोदी मेरठ में ‘नमो भारत ट्रेन’ और ‘मेट्रो रेल सेवा’ का उद्घाटन करेंगे

0
sdfr3re

मेरठ (उप्र), 22 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को मेरठ में ‘नमो भारत ट्रेन’ और ‘मेरठ मेट्रो रेल सेवा’ का उद्घाटन करेंगे और कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करने के बाद एक जन सभा को भी संबोधित करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक संदेश में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश समेत देशभर में रेल संपर्क के तेज विस्तार के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इसी दिशा में कल दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मेरठ में देश की सबसे तेज ‘मेरठ मेट्रो’ और ‘नमो भारत ट्रेन’ के उद्घाटन का सौभाग्य मिलेगा। इसके बाद ‘नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम’ के दूसरे खंडों के आरंभ के साथ ही दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करूंगा। इस दौरान कई विकास परियोजनाओं को शुरू करने का भी सुअवसर मिलेगा।’’

जिला प्रशासन के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 11 बजे गाजियाबाद के हिंडन हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्वाह्न सवा 11 बजे सरकारी हेलीकॉप्टर से शताब्दी नगर स्टेशन के पास मोहकमपुर में हेलीपैड पर पहुंचेंगे।

सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट पर उसी हेलीपैड पर उतरेगा, जहां मुख्यमंत्री उनका स्वागत करेंगे।

उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर प्रधानमंत्री शताब्दी नगर स्टेशन से ‘नमो भारत ट्रेन’ और ‘मेरठ मेट्रो’ को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद मोदी और योगी आदित्यनाथ मेट्रो से मेरठ साउथ स्टेशन तक जाएंगे।

सूत्रों ने बताया कि मोदी वहां से सड़क के रास्ते मोहिउद्दीनपुर में अपराह्न एक बजे जन सभा को संबोधित करने से पहले कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि जन सभा के बाद प्रधानमंत्री अपराह्न करीब दो बजकर 10 मिनट पर मोहिउद्दीनपुर हेलीपैड से हिंडन हवाई अड्डा के लिए रवाना होंगे।

नमो भारत सेवा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसे दिल्ली और मेरठ के बीच तेज और बेहतर पहुंच देने के लिए तैयार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *