स्टालिन राज्य में अधिकारों के हनन का झूठा विमर्श गढ़ रहे हैं: भाजपा नेता सुंदरराजन

0
mk-2_V_jpg--442x260-4g

नमक्कल (तमिलनाडु), 22 फरवरी (भाषा) भाजपा की वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार पर तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पर प्रशासनिक विफलताओं और भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए अधिकारों से वंचित किए जाने का एक झूठा विमर्श गढ़ने का आरोप लगाया है।

सुंदरराजन ने कहा, ‘‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का कहना है कि केंद्र सरकार कृत्रिम आर्थिक योजना और कृत्रिम आर्थिक मंदी ला रही है। वह (स्टालिन) केवल कृत्रिम रूप से अधिकारों से वंचित किए जाने की बातें गढ़ रहे हैं। तमिलनाडु में ऐसा नहीं है कि किसी के पास अधिकारों की कमी है या अधिकारों को छीना जा रहा है। मुख्यमंत्री एक तरह का भ्रम पैदा कर रहे हैं जैसे कि अधिकारों का दमन किया जा रहा हो।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी घोषणापत्र के लिए हितधारकों से सुझाव लेने के बाद शनिवार देर रात यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यपाल ने कहा कि राज्य की प्रगति के लिए ‘‘डबल इंजन की सरकार’’ ही एकमात्र समाधान है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम केंद्र में सत्ता में हैं और राज्य में भी शासन करेंगे। यह घोषणापत्र निश्चित रूप से जनता की समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करेगा।’’

वरिष्ठ नेता ने केंद्र सरकार के साथ टकराव का रुख अपनाने के लिए मुख्यमंत्री की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि केंद्र की वित्तीय नीतियां पूरे देश में एक समान हैं, फिर भी मुख्यमंत्री यह भ्रम पैदा कर रहे हैं कि राज्य के अधिकारों का हनन हो रहा है।

सुंदरराजन ने कहा, ‘‘तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के लिए अलग-अलग वित्तीय नीतियां जैसी कोई बात नहीं है। चूंकि सभी राज्यों के लिए वित्तीय नीति एक ही है, इसलिए हम तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के इस तरह के बयान को बर्दाश्त नहीं करेंगे जैसे कि राज्य की उपेक्षा या उसे धोखा दिया जा रहा हो।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *