भारत, ब्राजील ने अगले पांच वर्ष में 20 अरब डॉलर से अधिक के द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य तय किया

0
er43ef32

नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के साथ महत्वपूर्ण खनिजों और सुरक्षा के क्षेत्रों पर केंद्रित व्यापक वार्ता की, जिसके भारत और ब्राजील ने अगले पांच वर्षों में 20 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य निर्धारित किया।

मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति लूला की दूरदर्शी सोच और प्रेरणादायक नेतृत्व से भारत तथा ब्राजील के बीच संबंधों को लंबे समय से लाभ मिलता रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि ब्राजील लातिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।

प्रधानमंत्री ने वार्ता के बाद मीडिया को दिए वक्तव्य में कहा, ‘‘हम अगले पांच वर्षों में भारत-ब्राजील व्यापार को 20 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

उन्होंने जोर देकर कहा कि जब भारत और ब्राजील मिलकर काम करते हैं, तो ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज मजबूत होती है।

‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर आर्थिक रूप से कम विकसित देशों को संदर्भित करने के लिए किया जाता है।

मोदी ने यह भी कहा कि दोनों देश इस बात पर सहमत हैं कि आतंकवाद और इसके समर्थक पूरी मानवता के दुश्मन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *