जम्मू-कश्मीर के लोगों के सपनों को चकनाचूर करने की कोशिश करने वालों को मिट्टी में मिला देंगे: सिन्हा

0
dfr32wswq

जम्मू, 19 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्रशासित प्रदेश के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को नष्ट करने का प्रयास करने वालों को ‘‘मिट्टी में मिला दिया जाएगा’’।

उन्होंने कहा कि सुरक्षाबल आतंकी तंत्र को खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं, लेकिन समाज को भी आतंकवाद के समर्थकों के खिलाफ खड़े होकर इस लड़ाई में शामिल होना होगा।

सिन्हा ने कहा, ‘‘आतंकवाद में शामिल लोगों को खत्म करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें ऐसी सजा दी जाएगी जिसे उनकी सात पीढ़ियां याद रखेंगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सजा ऐसी होनी चाहिए कि आतंकवाद में शामिल लोग माफी मांगने पर मजबूर हो जाएं।’’

उपराज्यपाल ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में शांति, प्रगति, समृद्धि और विकास सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जहां शांति विरोधी तत्वों को तबाह कर दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद का अंत सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और सुरक्षाबलों ने अनगिनत बलिदान दिए हैं।’’

कश्मीरी पंडितों के पलायन को ‘दुनिया की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक’ बताते हुए सिन्हा ने कहा कि इस समुदाय द्वारा झेली गई पीड़ा और कष्ट को कभी नहीं भुलाया जाना चाहिए।

इससे पहले दिन में उपराज्यपाल ने जम्मू विश्वविद्यालय में प्रोफेसर अशोक कौल द्वारा लिखित पुस्तक ‘कश्मीर- नेटिविटी रिगेन्ड’ का विमोचन किया।

यह पुस्तक कश्मीरी पंडितों के पलायन का ब्योरा प्रदान करती है, जिसमें उस अंधकारमय दौर के आतंक और पैतृक घरों से विस्थापित होने की स्थायी तबाही को दर्शाया गया है।

सिन्हा ने दोहराया कि कश्मीरी पंडितों की पूर्ण गरिमा और सुरक्षा के साथ वापसी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृढ़ प्रतिबद्धता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *