‘द केरल स्टोरी 2’ नफरत फैलाने वाली फिल्म : मुख्यमंत्री विजयन

0
sdfr32wsq

तिरुवनंतपुरम, 19 फरवरी (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को ‘द केरल स्टोरी 2’ को नफरत फैलाने वाली फिल्म करार दिया और कहा कि इसके रिलीज होने को अत्यंत गंभीरता से देखा जाना चाहिए।

विजयन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पहले भाग में कथित सांप्रदायिक एजेंडा और सरासर झूठ को समझने के बाद, ‘‘केरल एक बार फिर हमारे धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को बदनाम करने के इस प्रयास को पूरी तरह खारिज करेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह बेहद चौंकाने वाली बात है कि सांप्रदायिक कलह भड़काने के उद्देश्य से गढ़ी गई कहानियों को खुली छूट मिल जाती है, जबकि कला की आलोचनात्मक अभिव्यक्तियों को दबा दिया जाता है। हमें अपने सद्भावपूर्ण राज्य को आतंक का अड्डा बताने के इन प्रयासों के खिलाफ एकजुट होना होगा। सत्य की हमेशा जीत होगी।’’

वहीं, भाजपा नेता शोभा सुरेंद्रन ने कहा कि हालांकि उन्होंने फिल्म नहीं देखी है, लेकिन फिल्म के शीर्षक पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।

उन्होंने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि कुछ महिलाएं गुलामी की बेड़ियों से मुक्त हो चुकी हैं, और कुछ ऐसी भी हैं जिन्हें मीडिया के माध्यम से सामने लाया जाना चाहिए।

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि ऐसी कई फिल्म हैं जो आरएसएस और भाजपा की आलोचना करती हैं, लेकिन ‘‘हम उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करते हैं’’।

विजयन ने बुधवार को ‘द केरल स्टोरी’ के दूसरे भाग की आगामी रिलीज पर चिंता व्यक्त करते हुए दावा किया था कि इसका पहला भाग राज्य के खिलाफ नफरत फैलाने और इसकी धर्मनिरपेक्ष परंपरा को कमजोर करने के इरादे से बनाया गया था।

पहली फिल्म, ‘द केरल स्टोरी’ ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ निर्देशन और सर्वश्रेष्ठ छायांकन का पुरस्कार जीता था।

कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित ‘केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ का टीजर हाल ही में जारी किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *