गुवाहाटी, 19 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने असम के डिब्रूगढ़ जिले में एक चाय बागान का बृहस्पतिवार को दौरा किया तथा अथक परिश्रम और समर्पण के जरिए इस पेय पदार्थ को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए श्रमिकों की सराहना की।
यह राज्य में नवीन के दौरे का दूसरा दिन है। चाय बागान में नवीन के साथ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, भाजपा की असम इकाई के अध्यक्ष दिलीप सैकिया और राज्य के संस्कृति मंत्री बिमल बोरा भी थे।
नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘असम के चाय बागानों ने अपनी असीम प्राकृतिक सुंदरता के लिए दुनियाभर में ख्याति प्राप्त की है और असम चाय ने अपने उत्कृष्ट स्वाद एवं बेहतरीन गुणवत्ता के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है।’’
उन्होंने कहा कि यह ‘‘चाय बागान श्रमिकों के अथक परिश्रम और समर्पण’’ का परिणाम है और उनके दृढ़ संकल्प एवं प्रतिबद्धता ने हमेशा असम को गौरवान्वित किया है।
इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष ने राज्य के अन्य पार्टी नेताओं के साथ सोनोवाल के डिब्रूगढ़ स्थित आवास पर नाश्ता किया।
नवीन बाद में तिनसुकिया जिले के बारेकुरी में ‘नामघर’ (प्रार्थना गृह) गए।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, ‘‘मैं तिनसुकिया जिले के बारेकुरी में स्थित पवित्र ‘नामघर’ गया जो मोरान समुदाय की गहरी आस्था और सांस्कृतिक एकता को दर्शाने वाला आध्यात्मिक केंद्र है।’’
नवीन ने कहा कि उन्होंने भारत के लोगों की समृद्धि, निरंतर प्रगति और शांति के लिए प्रार्थना की।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘जैसा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक बार अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा था, इस छोटे से गांव में भक्ति और प्रकृति का खूबसूरत सह-अस्तित्व है। लोगों के साथ-साथ दुर्लभ ‘हूलॉक गिब्बन’, जिन्हें प्यार से ‘होलो बंदर’ कहा जाता है, ने बारेकुरी को अपना घर बना लिया है।’’
उन्होंने मटक शासक सर्बानंद सिंह के ‘मोइदम’ (समाधि स्थल) जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
नितिन नवीन मनोहरी चाय बागान में एक बूथ पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।