औपचारिक मुकाबले में कनाडा से भिड़ेगा अफगानिस्तान

0
Sports-Patrika-10

चेन्नई, 18 फरवरी (भाषा) दर्शकों को अपने जज्बे और जोश भरे खेल से रोमांचित करने के बावजूद टूर्नामेंट से बाहर हो चुके अफगानिस्तान और कनाडा बृहस्पतिवार को यहां टी20 विश्व कप के अपने अंतिम मुकाबले में आमने-सामने होंगे तो दोनों टीम जीत के साथ टूर्नामेंट का अंत कर एक मजबूत छाप छोड़ना चाहेंगी।

अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए यादगार ‘डबल सुपर ओवर’ मुकाबले में अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन से प्रशंसकों का दिल जीत लिया था। हालांकि उन्हें अंततः दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा।

कनाडा के किशोर बल्लेबाज युवराज सामरा ने चेन्नई में अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान आकर्षित किया और टी20 शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने।

अच्छे प्रदर्शन के साथ विदाई लेने की कोशिश में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान अपने भरोसेमंद शीर्ष क्रम के बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जदरान और गुलबदीन नईब पर निर्भर रहेंगे। विश्व कप में ये तीनों अब तक एक साथ प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जो टीम के आगे नहीं बढ़ पाने का एक प्रमुख कारण रहा है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुरबाज ने 42 गेंद में 84 रन की विस्फोटक पारी खेली और न्यूजीलैंड के खिलाफ नईब के 63 रन अफगानिस्तान के बल्लेबाजी क्रम की कुछ गिनी-चुनी झलकियों में शामिल रहे। अब उम्मीद है कि वे कनाडा के खिलाफ एक साथ अच्छी पारियों खेलेंगे।

अफगानिस्तान अजमतुल्लाह उमरजई से भी अहम योगदान की उम्मीद करेगा। इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने तीन मैच में आठ विकेट लिए हैं जबकि राशिद खान की ‘गुगली’ किसी भी टीम को परेशान करने की क्षमता रखती है।

कनाडा के लिए उम्मीदें सलामी जोड़ी सामरा और कप्तान दिलप्रीत बाजवा पर टिकी होंगी जिन्होंने पिछले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतकीय साझेदारी की थी।

कनाडा की टीम ऐसे गेंदबाज की तलाश करने में जूझ रही है जो विपक्षी बल्लेबाजी क्रम में सेंध लगा सके। तेज गेंदबाज जसकरण सिंह, डिलन हेलीगर और दिलप्रीत प्रभाव छोड़ने में असफल रहे। फिर भी अगर वे गेंद से अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो मुकाबला रोचक बन सकता है।

टीमें इस प्रकार हैं :

अफगानिस्तान:

राशिद खान (कप्तान), इब्राहिम जदरान, अब्दुल्ला अहमदजई, अजमतुल्लाह ओमरजई, दरवेश रसूली, फजलहक फारूकी, गुलबदीन नईब, मोहम्मद इशाक, मोहम्मद नबी, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, रहमानुल्लाह गुरबाज, सदीकुल्लाह अटल, शाहिदुल्लाह, जियाउर रहमान।

कनाडा: दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), नवनीत धालीवाल, डिलन हेलीगर, अजयवीर हुंडाल, जसकरण सिंह, कलीम सना, निकोलस किर्टन, श्रेयस मोव्वा, अंश पटेल, रविंदरपाल सिंह, साद बिन जफर, युवराज समरा, शिवम शर्मा, कंवरपाल तत्गुर, हर्ष ठाकर।

मैच शाम सात बजे शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *