नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) ‘रिलायंस ग्रुप’ के अध्यक्ष अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दूसरी बार समन जारी किए जाने के बावजूद मंगलवार को भी एजेंसी के सामने पेश नहीं हुईं।
पूर्व अभिनेत्री को धन शोधन मामले में समन भेजा गया था। उन्हें संघीय जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए पहला समन 10 फरवरी को जारी किया गया था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं जिसके बाद उन्हें नया नोटिस दिया गया था।
यह अभी पता नहीं चल पाया है कि उन्होंने पेश न होने के लिए मामले के जांच अधिकारी को कोई कारण बताया है या नहीं।
अधिकारियों ने कहा कि निदेशालय उन्हें पेश होने के लिए नयी तारीख दे सकता है।
उन्होंने बताया कि जब टीना अंबानी अपना बयान दर्ज करा लेंगी, तो उनसे पूछताछ की जाएगी और धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज किया जाएगा।
अनिल अंबानी (66) को ‘रिलायंस ग्रुप’ की कई कंपनियों और उनके बैंक ऋणों से संबंधित जांच के सिलसिले में ईडी के समक्ष दूसरी बार बुधवार को पेश होने के लिए कहा गया है। वह पहली बार अगस्त 2025 में ईडी के समक्ष पेश हुए थे।
ऐसा समझा जा रहा है कि टीना अंबानी को न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक लग्जरी आवासीय संपत्ति की खरीद से जुड़े धन के लेन-देन के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
एजेंसी ने पहले एक बयान में आरोप लगाया था कि आरकॉम की कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) के दौरान 2023 में न्यूयॉर्क स्थित इस संपत्ति को गर्ग ने ‘‘धोखाधड़ी’’ से बेचा था।
समझा जाता है कि आरकॉम ने ‘‘धोखाधड़ी से की गई’’ इस बिक्री की जानकारी 2025 में शेयर बाजार को दी थी।