हैदराबाद, 17 फरवरी (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू सहित विभिन्न नेताओं ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) को मंगलवार को उनके 72वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में बताया कि रेवंत रेड्डी ने केसीआर के अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाल जीवन और दीघार्यु की कामना की।
नायडू ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने राव के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रार्थना की।
गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने भी राव की दीर्घायु एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
राव के बेटे और भारत राष्ट्र समिति के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव ने अपने पिता को शुभकामनाएं दीं और पार्टी नेताओं ने यहां पार्टी मुख्यालय में जन्मदिन समारोह आयोजित किए।
केसीआर 2014 से 2023 तक तेलंगाना के पहले मुख्यमंत्री रहे।