विजेंदर सिंह ने राजपाल यादव को अपनी अगली फिल्म में काम करने का प्रस्ताव दिया

0
asdfr32q

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) मुक्केबाज और अभिनेता विजेंदर सिंह ने अभिनेता राजपाल यादव के प्रति अपना समर्थन जताते हुए उन्हें संजय ‘संजू’ सैनी की आगामी फिल्म में काम करने का निमंत्रण दिया है।

विजेंदर सिंह ने रविवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट लिखा कि यादव ने भारतीय सिनेमा को बहुत कुछ दिया है।

सिंह ने लिखा, “मैं सच्ची प्रतिभा का सम्मान करता हूं। राजपाल यादव ने भारतीय सिनेमा को बहुत कुछ दिया है। अपने विभिन्न किरदारों से उन्होंने लोगों के चेहरों पर मुस्कुराहट दी है। मैं उन्हें अपनी अगली फिल्म में साथ काम करने का निमंत्रण देता हूं। फिल्म के लेखक और निर्देशक संजू सैनी हैं। हम इस कठिन समय में उनका साथ देना चाहते हैं।”

फिल्म निर्देशक संजू सैनी ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि यादव इस फिल्म से जुड़ते हैं तो इससे फिल्म को फायदा होगा।

उन्होंने लिखा, “हम राजपाल यादव सर को अपने सेट पर देखना पसंद करेंगे।’’

मशहूर अभिनेता राजपाल यादव को, चेक बाउंस मामले में बकाया के भुगतान के लिए और समय मांगे जाने की उनकी अर्जी को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बाद पिछले हफ्ते तिहाड़ जेल भेज दिया गया। अभिनेता को करीब नौ करोड़ रुपये का भुगतान करना है।

सोनू सूद, गुरमीत चौधरी जैसे कई अन्य कलाकारों ने भी उनके परिवार को वित्तीय सहायता देने की पेशकश की है और दूसरों से भी मदद की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *