पाकिस्तान ने मैच पहली पारी में ही गंवा दिया था: वकार यूनिस

0
225561

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप में 61 रन की करारी शिकस्त के बारे में कहा कि जब सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए तो पाकिस्तान की टीम उसी समय इस मैच से बाहर हो गई थी।

वकार ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘‘पाकिस्तान ने पहली पारी में ही मैच गंवा दिया। एक बार जब भारत ने 175 रन बना लिए तो मैच पाकिस्तान की पकड़ से बाहर हो गया था। गेंद स्पिन हो रही थी और सूर्यकुमार यादव ने गेंदबाजी में पूरी समझदारी से बदलाव किए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि पाकिस्तान ने अपने स्पिन गेंदबाजों का उतना अच्छा इस्तेमाल किया जितना भारत ने किया। लेकिन मैच पहली पारी में ही खत्म हो गया था क्योंकि भारत ने बहुत ज्यादा रन बना लिए थे। हम सभी जानते हैं कि पाकिस्तान की बल्लेबाजी बहुत अच्छी नहीं है। लेकिन अगर भारत ने 175 की जगह 140 या 150 रन बनाए होते तो शायद स्थिति अलग होती।’’

सलामी बल्लेबाज ईशान किशन की 40 गेंदों में खेली गई तूफानी 77 रन की पारी और मध्य क्रम के उपयोगी योगदान से भारत ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में पाकिस्तान 18 ओवर में 114 रन पर आउट हो गया।

वकार ने कहा, ‘‘उन्होंने (सूर्यकुमार ने) हार्दिक पंड्या को शुरुआत में नई गेंद दी। जसप्रीत बुमराह ने हमेशा की तरह स्टंप्स को निशाना बनाकर तथा गेंद को स्विंग और सीम कर अच्छा प्रदर्शन किया। उसके बाद पाकिस्तान के लिए स्थिति बहुत मुश्किल हो गई। सलमान अली आगा ने उस्मान तारिक को जल्दी गेंदबाजी के लिए न बुलाकर स्थिति को मुश्किल बना दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘तारिक ने शानदार प्रदर्शन किया, एक विकेट लिया और सिर्फ 24 रन दिए। हम हफ्तों से उनके बारे में बात कर रहे थे। लेकिन उन्हें बहुत देर तक गेंद नहीं सौंपी गई। जब तक उन्हें गेंद मिली, ईशान किशन अपना काम कर चुके थे। यहीं से मैच पाकिस्तान के हाथ से निकल गया।’’

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने सूर्यकुमार की परिस्थितियों के अनुसार खेलने के लिए सराहना की।

गावस्कर कहा, ‘‘ सूर्यकुमार ने आगे बढ़कर नेतृत्व किया है। अमेरिका के खिलाफ मैच में जब भारत 77 रन पर छह विकेट खोकर मुश्किल में था, तब सूर्या ने टीम को संकट से उबारा और यहां पाकिस्तान के खिलाफ जब वह बल्लेबाजी करने आए तब भारत 88 रन पर दो विकेट खो चुका था और फिर उन्होंने 19वें ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए 32 रन बनाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भले ही वह बेहतर स्ट्राइक रेट से रन नहीं बना पाए लेकिन उन्होंने एक छोर पर डटे रहकर यह सुनिश्चित किया कि विकेट न गिरें।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *